अमेरिका के मिनियापोलिस के एक चर्च में बुधवार को हुई गोलीबारी ने पूरे अमेरिका को हिलाकर रख दिया। 23 साल के रॉबिन वेस्टमैन ने एक स्कूल में बच्चों पर गोलियां बरसाईं, जिसमें दो मासूम बच्चों की जान चली गई।
हमलावर के हथियारों पर “किल डोनाल्ड ट्रंप” और “न्यूक इंडिया” जैसे खतरनाक नारे लिखे थे। उसकी यूट्यूब वीडियो में ये सारी बातें सामने आईं, जिसे अब हटा लिया गया है। हमलावर ने बाद में खुद को गोली मार ली।
कौन था हमलावर?
हमलावर रॉबिन वेस्टमैन ने इस हमले में राइफल, शॉटगन और पिस्तौल का इस्तेमाल किया। उसने मिनियापोलिस के एनन्सिएशन कैथोलिक स्कूल में चल रहे चर्च के प्रोग्राम पर दर्जनों गोलियां दागीं। हमले के बाद वह स्कूल के पार्किंग लॉट में मृत पाया गया, जिसे पुलिस ने खुदकुशी माना।
वेस्टमैन ने 2020 में अपना नाम रॉबर्ट से बदलकर रॉबिन रख लिया था, क्योंकि वह खुद को महिला मानता था।
हथियारों पर लिखे नारे और यूट्यूब वीडियो में क्या था ?
वेस्टमैन के अब डिलीट हो चुके यूट्यूब चैनल “रॉबिन डब्ल्यू” पर दो वीडियो सामने आए। पहला 10 मिनट का वीडियो मोबाइल से शूट किया गया था। इसमें हथियारों, गोलियों और मैगजीन का जखीरा दिखाया गया।
मैगजीन पर “किल डोनाल्ड ट्रंप”, “इजरायल मस्ट फॉल”, “बर्न इजरायल”, “न्यूक इंडिया (Nuke India)”, “व्हेयर इज योर गॉड?” और “फॉर द चिल्ड्रन” जैसे नारे लिखे थे। कुछ नारे सिरिलिक लिपि में थे। एक छोटे हथियार को दिखाते हुए उसने कहा, “ये मेरे लिए है, अगर जरूरत पड़ी तो।” वीडियो में उसने अपने परिवार के लिए एक खत भी दिखाया है। इस खत में उसने अपने इस कदम के लिए माफी मांगी।
दूसरा वीडियो 20 मिनट का था, जिसमें दो जर्नल दिखाए गए। पहला जर्नल 150 पेज का था, जो पूरी तरह सिरिलिक लिपि में लिखा था। दूसरा जर्नल 60 पेज का था। इसमें आखिरी एंट्री 21 अगस्त 2025 की थी और वो भी सिरिलिक में दर्ज थी।
इन जर्नल्स का मकसद अभी साफ नहीं है, लेकिन ये हमलावर के दिमागी हालत की ओर इशारा करता है। अमेरिका की होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने इन वीडियो की सत्यता की पुष्टि की और हथियारों पर लिखे नारों को “बीमार मानसिकता” का सबूत बताया है।
किल डोनाल्ड ट्रंप, इजरायल का खात्मा हो… अमेरिका में फायरिंग करने वाले ने अपनी बंदूक में भारत के लिए क्या लिखा?





