चमोली। लगातार हो रही बारिश ने पहाड़ की ज़िंदगी को मुश्किल बना दिया है। जिले के रतगांव में पिछले दो दिनों से सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस बीच गाँव की एक महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसे सड़क बंद होने के कारण अस्पताल तक ले जाना संभव नहीं हो पाया। आखिरकार प्रशासन की मदद से महिला को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश पहुँचाया गया।
जानकारी के अनुसार, रतगांव निवासी 55 वर्षीय बसंती देवी, पत्नी सुजान सिंह, पिछले दो दिनों से गंभीर रूप से बीमार थीं। उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन गाँव से बाहर निकलने का कोई साधन नहीं था। बारिश के चलते भूस्खलन से सड़कें बंद हो चुकी थीं और एंबुलेंस गाँव तक नहीं पहुँच पाई।
गाँव वालों ने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। मामले की गंभीरता देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और महिला को एयरलिफ्ट करने का निर्णय लिया। शुक्रवार को रेस्क्यू टीम की मदद से बसंती देवी को सुरक्षित रूप से हेलीकॉप्टर से ऋषिकेश पहुँचाया गया, जहाँ उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि अगर समय पर एयरलिफ्ट की व्यवस्था न होती तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। वहीं, स्थानीय लोग अब भी सड़क बंद होने से रोजमर्रा की ज़रूरतों के लिए जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने सरकार से जल्द से जल्द सड़क खोलने की मांग की है।





