हल्द्वानी। पत्नी के मायके से वापस नहीं आने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना मुखानी कोतवाली क्षेत्र के पनियाली की है। युवक तीन बच्चों का पिता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
मूलरूप से बहादुरगंज, पीलीभीत निवासी सर्वेश कुमार (37) पुत्र अनोखे लाल पनियाली में मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहा था। वह प्लंबर का काम करता था। परिजनों के अनुसार, सर्वेश की पत्नी इन दिनों छोटी बेटी के साथ मायके गई हुई थी। रात फोन पर पत्नी से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
बताया गया कि विवाद के बाद सर्वेश ने घर के टिन शेड में दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। परिजन उसे तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के बड़े भाई जयप्रकाश ने बताया कि सर्वेश चार भाइयों में सबसे छोटा था और परिवार में सभी का दुलारा था। करीब 13 वर्ष पहले उसने खटीमा निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले सर्वेश ने एक कारोबारी मित्र के सामने फोन पर पत्नी से कहा था कि यदि वह उसी दिन मायके से वापस नहीं आई तो वह उसका मरा हुआ मुंह देखेगी।
परिजनों ने यह भी बताया कि इसी वर्ष होलिका दहन की रात सर्वेश ने घर में फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया था। हालांकि तब उसकी जान बच गई थी।
तहरीर नहीं मिली
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मुखानी कोतवाली क्षेत्र में युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।





