Top 5 This Week

Related Posts

विधायक का एक और वादा अब जल्द धरातल पर,मोदी मैदान में आउटडोर स्टेडियम का सपना जल्द होगा साकार

23.32 करोड़ की डीपीआर को विभागीय स्वीकृति,विधायक के प्रस्ताव पर 17 मई 2023 की मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल हुआ था

रुद्रपुर। रुद्रपुर के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए बड़ी सौगात के रूप में मोदी मैदान में प्रस्तावित आउटडोर स्टेडियम के निर्माण की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। विधायक शिव अरोरा के प्रयासों से 31 अक्टूबर 2022 को मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम के प्रस्ताव को आगे बढ़ाते हुए इसे 17 मई 2023 को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया गया था।

अब स्टेडियम निर्माण के लिए 23.32 करोड़ रुपये की डिजाइन डीपीआर तैयार होने के साथ ही विभागीय स्वीकृति की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। हाल ही में सचिव आवास की अध्यक्षता मे हुई बैठक में मोदी मैदान मे 23.32 करोड़ की धनराशि को स्वीकृति प्रदान करते हुऐ इसको शासनादेश की संस्तुति हेतु आगे भेज दिया है।विधायक शिव अरोरा ने बताया कि जिला विकास प्राधिकरण द्वारा इस कार्य के लिए पेयजल निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था बनाया गया।

इसके बाद पेयजल निर्माण निगम ने पहले चरण में होने वाले कार्य हेतु 23.32 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम की डिजाइन एवं विस्तृत डीपीआर तैयार की गई। मुख्यमंत्री घोषणा के क्रियान्वयन के क्रम में सचिव आवास विभाग डॉ. आर राजेश की अध्यक्षता में हुई प्रक्रिया के तहत धनराशि को विभागीय स्वीकृति दी गई। विधायक ने बताया कि अब प्रस्ताव को मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली ईएफसी कमेटी के समक्ष भेजा गया है।

ईएफसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री की स्वीकृति प्राप्त होते ही आगामी दिनों में शासनादेश जारी होने की उम्मीद है। शासनादेश जारी होने के साथ ही स्टेडियम निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई तेज होगी ओर कुछ दिनों मे इसके टेंडर लगने की उम्मीद है जिसके बाद रुद्रपुर मे खेल का भविष्य को नई उड़ान मिलेगी। विधायक ने जानकारी दी पहले चरण मे आउटडोर स्टेडियम का निर्माण होगा मगर उन्होंने मुख्यमंत्री व सचिव आवास को प्रस्ताव दिया है मोदी मैदान मे इसके साथ ही इंडोर स्टेडियम निर्माण भी साथ मे किया जाये।

31 अक्टूबर 2022 में लिया था संकल्प

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि 31 अक्टूबर 2022 को मोदी मैदान में इंडोर-आउटडोर स्टेडियम का जो संकल्प लिया गया था, वह अब संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री घोषणा संख्या – 678/2023 में इसे शामिल कराने से लेकर डीपीआर तैयार होने और विभागीय स्वीकृति तक लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक स्टेडियम का निर्माण नहीं, बल्कि रुद्रपुर के युवाओं और खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में आधुनिक खेल सुविधाओं का अभाव लंबे समय से महसूस किया जा रहा था। आउटडोर स्टेडियम बनने के बाद शहर और आसपास के क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास, प्रतियोगिताओं और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इसी भावना के अनुरूप रुद्रपुर में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्य्मंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की मंशा स्पष्ट है कि विकास कार्य केवल घोषणाओं तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारा जाए। मोदी मैदान का इंडोर -आउटडोर स्टेडियम इसी संकल्प का परिणाम है और अब यह परियोजना जल्द ही धरातल पर दिखाई देने वाली है।विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया जो लगातार रुद्रपुर के विकास को लेकर निर्णय ले रहे है।

Popular Articles