Top 5 This Week

Related Posts

लॉर्ड स्वराज पॉल के निधन पर शोक, प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि

भारत और ब्रिटेन के रिश्तों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाले प्रमुख एनआरआई उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल का 94 वर्ष की आयु में लंदन में निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ब्रिटेन में उद्योग, परोपकार और सार्वजनिक सेवा में उनके योगदान तथा भारत के साथ घनिष्ठ संबंधों के लिए उनके अटूट समर्थन को हमेशा याद किया जाएगा।”

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि स्वराज पॉल जी के साथ उनकी कई मुलाकातें हमेशा याद रहेंगी। उन्होंने पॉल के परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना भी प्रकट की।

परोपकार और सेवा का जीवन

पंजाब के जालंधर में जन्मे स्वराज पॉल 1960 के दशक में अपनी छोटी बेटी अंबिका के कैंसर इलाज के लिए ब्रिटेन गए थे। दुर्भाग्यवश चार साल की उम्र में उनकी बेटी का निधन हो गया। इसके बाद उन्होंने अंबिका पॉल फाउंडेशन’ की स्थापना की, जो शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए बच्चों और युवाओं के कल्याण हेतु लाखों डॉलर का योगदान दे चुकी है।

उद्योग जगत में विशिष्ट पहचान

लॉर्ड पॉल ने कैपारो ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की स्थापना की, जिसका मुख्यालय लंदन में है। यह समूह स्टील और इंजीनियरिंग क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों में गिना जाता है और दुनिया के 40 से अधिक स्थानों से अपना कारोबार संचालित करता है। संडे टाइम्स रिच लिस्ट में वे लगातार शामिल रहे। इस वर्ष उनकी संपत्ति लगभग 2 बिलियन पाउंड आंकी गई थी और उन्हें 81वें स्थान पर रखा गया।

भारत-यूके संबंधों में सेतु

भारत-यूके रिश्तों को प्रगाढ़ करने के लिए स्वराज पॉल ने 1975 में इंडो-ब्रिटिश एसोसिएशन की स्थापना की। ब्रिटिश समाज और उद्योग में उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें 1983 में भारत सरकार ने पद्म भूषण’ से सम्मानित किया।

उनके योगदान को लेकर प्रधानमंत्री मोदी सहित तमाम नेताओं और उद्योग जगत की हस्तियों ने शोक प्रकट किया है।

Popular Articles