बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार सुबह बड़ा नक्सली हमला हुआ। नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED ब्लास्ट में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) का एक जवान शहीद हो गया, जबकि तीन अन्य जवान घायल हो गए। घटना इंद्रावती नेशनल पार्क के पास हुई।
कैसे हुआ हादसा?
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, रविवार को DRG और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान नक्सलियों ने जंगल के रास्ते में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) प्लांट कर रखा था। सोमवार सुबह जब सुरक्षा बलों की टीम वहां से गुजरी, तो जोरदार धमाका हुआ।
इस विस्फोट में DRG के जवान दिनेश नाग ने मौके पर ही शहादत दे दी। तीन जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार देने के बाद जंगल से बाहर निकाला जा रहा है।
इलाके में सर्च अभियान तेज
ब्लास्ट के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों की तलाश जारी है और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।





