कनाडा में भारत विरोधी गतिविधियों से जुड़ा एक बड़ा नेटवर्क सामने आया है। पील पुलिस ने ‘प्रोजेक्ट पेलिकन’ नामक अभियान के तहत 479 किलोग्राम कोकीन बरामद की है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 47.9 मिलियन डॉलर है। साथ ही, भारतीय मूल के सात सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क अमेरिका से कनाडा तक के वाणिज्यिक ट्रकिंग मार्गों का उपयोग कर रहा था और इसके तार मैक्सिकन ड्रग कार्टेल और अमेरिकी डिस्ट्रीब्यूटर्स से जुड़े थे। ऑपरेशन के दौरान दो अवैध सेमी-ऑटोमैटिक हथियार भी जब्त किए गए हैं।
ISI और खालिस्तानी लिंक
खुफिया एजेंसियों का दावा है कि इस ड्रग कारोबार की कमाई का इस्तेमाल भारत विरोधी गतिविधियों, खालिस्तानी प्रदर्शन और हथियार खरीदने में किया जा रहा था। सूत्रों के मुताबिक, इस नेटवर्क को ISI का समर्थन प्राप्त है और अफगानिस्तान में अवैध अफीम की खेती से भी इसका संबंध सामने आया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- साजिथ योगेंद्रराजा (31), टोरंटो
- मनप्रीत सिंह (44), ब्रैम्पटन
- अरविंदर पोवार (29), ब्रैम्पटन
- गुरतेज सिंह (36), कैलेडन
- सरताज सिंह (27), कैम्ब्रिज
- शिव ओंकार (31), जॉर्जटाउन
- फिलिप टेप (39), हैमिल्टन
- हाओ टॉमी हुइन्ह (27), मिसिसॉगा
इससे पहले भी दिसंबर 2023 में दो भारतीय मूल के कनाडाई नागरिकों को अमेरिका के इलिनोइस में गिरफ्तार किया गया था, जिनके ट्रक से 1,000 पाउंड से अधिक कोकीन बरामद की गई थी। उसी जांच से ISI-संबंधी लिंक का पता चला था।
ओंटारियो के सॉलिसिटर जनरल माइकल एस. केरज़नर ने पील पुलिस की कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा,
“प्रोजेक्ट पेलिकन इस बात का प्रमाण है कि जब पुलिस के पास संसाधन होते हैं, तो वे असाधारण काम कर सकते हैं।”





