Saturday, February 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सुनीता विलियम्स समेत चार यात्री सुरक्षित लौटे

सुनीता विलियम्स के सकुशल धरती पर लौटने पर भारत में सुनीता के खानदान के लोगों में खुशी का माहौल है। सुनीता विलियम्स के चचेरे भाई दिनेश रावल ने कहा कि ‘जब वे सुरक्षित लौटीं तो हम खुशी से उछल पड़े। मैं बहुत खुश था। कल से ही हम परेशान थे, लेकिन भगवान ने हमारी प्रार्थना सुन ली और सुनीता सुरक्षित धरती पर लौट आईं। सुनीता कोई आम महिला नहीं है बल्कि वह दुनिया बदलेगी।’ सुनीता विलियम्स के धरती पर सुरक्षित लौटने पर खुशी जताते हुए राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया। राजनाथ सिंह ने लिखा कि ‘नासा के क्रू-9 के सुरक्षित लौटने पर खुशी है। क्रू में शामिल भारत की बेटी सुनीता विलियम्स और अन्य एस्ट्रोनॉट्स ने अंतरिक्ष में इंसानी सहनशक्ति का नया इतिहास लिखा है। सुनीता विलियम्स की अतुलनीय यात्रा, समर्पण और लड़ने की क्षमता से दुनियाभर में करोड़ों लोग प्रेरित हुए हैं। उनका वापस लौटना खुशी का क्षण है। इससे हम सभी गौरवान्वित हुए हैं। उन सभी लोगों को भी बधाई और धन्यवाद, जो क्रू को सुरक्षित धरती पर लेकर लौटे।’  नासा ने अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी के बाद आधिकारिक बयान में कहा, सभी अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित धरती पर लौट चुके हैं। नासा ने कहा कि सभी यात्रियों की तबीयत ठीक है। उन्हें निगरानी में रखा जाएगा। समुद्र से बाहर निकाले जाने की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए नासा ने कहा, कोस्ट गार्ड की टीम ने शानदार काम किया। सफल वापसी के बाद स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ने भी बधाई दी। मस्क ने कहा कि स्पेसएक्स और नासा की टीमों ने एक और सुरक्षित अंतरिक्ष यात्री वापसी कराने में सफलता पाई है। इसके लिए बधाई। उन्होंने इस मिशन को प्राथमिकता देने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद भी दिया।सुनीता विलियम्स ने आईएसएस पर इस बार अपना सबसे लंबे समय तक रहने का रिकॉर्ड बनाया। एक बार में 286 दिन तक अंतरिक्ष में रहकर सुनीता नासा की रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम दर्ज करा चुकी हैं। दरअसल, अमेरिकी अंतरिक्ष यात्रियों की बात करें तो एक दौरे में सबसे ज्यादा दिन तक आईएसएस पर रहने का रिकॉर्ड अब तक फ्रैंक रूबियो के पास है। वहीं, मार्क वांडे हेई अब तक 355 दिन आईएसएस पर बिताए हैं। इसके बाद स्कॉट केली, महिला अंतरिक्ष यात्री क्रिस्टिना कॉश और पेगी व्हिट्सन का नंबर है।

इस लिहाज से एक दौरे में आईएसएस पर सबसे ज्यादा दिन बिताने वाले अंतरिक्ष यात्रियों में सुनीता विलियम्स छठे नंबर पर काबिज हो गई हैं। हालांकि, इसके लिए उन्होंने इस बार अंतरिक्ष यात्री एंड्रयू मॉर्गन का 272 दिन का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Popular Articles