Friday, September 20, 2024

Top 5 This Week

Related Posts

परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़ा रहा उत्तर कोरिया

उत्तर कोरिया अपने परमाणु हथियारों के जखीरे को बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इसी के तहत उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने यूरेनियम संवर्धन के सेंट्रीफ्यूज की संख्या बढ़ाने का आदेश दिया है। उत्तर कोरिया के मीडिया के अनुसार, किम जोंग उन ने परमाणु हथियार संस्थान और ‘हथियार-ग्रेड परमाणु सामग्री के उत्पादन आधार’ केंद्र के दौरे के दौरान यह आदेश दिया। हालांकि इसकी जानकारी नहीं दी गई है कि यह परमाणु सामग्री उत्पादन केंद्र कहां पर स्थित है और किम जोंग उन ने कब ये दौरा किया। कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी केसीएनए के अनुसार, किम ने यूरेनियम संवर्धन आधार केंद्र के नियंत्रण कक्ष का दौरा किया और इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि आधार केंद्र गतिशील रूप से परमाणु सामग्री का उत्पादन कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तर कोरिया ने पहली बार अपने यूरेनियम संवर्धन केंद्र को सार्वजनिक रूप से पेश किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, किम ने आत्मरक्षा के लिए परमाणु हथियारों को तेजी से बढ़ाने के लिए सेंट्रीफ्यूज की संख्या को बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया। यूरेनियम संवर्धन केंद्र का इस्तेमाल यूरेनियम को सेंट्रीफ्यूज में रखकर और उसे उच्च गति से घुमाकर अधिक समृद्ध यूरेनियम के उत्पादन के लिए किया जाता है। परमाणु हथियारों के निर्माण के लिए अत्यधिक और समृद्ध यूरेनियम जरूरी होता है। अमेरिकी और दक्षिण कोरियाई खुफिया एजेंसियों का मानना है कि उत्तर कोरिया प्योंगयांग के कांगसन परमाणु परिसर और योंगब्योन परमाणु स्थल पर यूरेनियम संवर्धन केंद्र संचालित कर रहा है। इसकी वजह ये भी है क्योंकि उत्तर कोरिया ने साल 2010 में प्रसिद्ध अमेरिकी परमाणु वैज्ञानिक सिगफ्राइड हेकर को योंगब्योन परमाणु स्थल आमंत्रित किया था।

यूरेनियम संवर्धन सुविधा के अचानक सार्वजनिक करने के पीछे नवंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को माना जा रहा है। दरअसल इसे उत्तर कोरिया द्वारा अपनी परमाणु क्षमताओं का प्रदर्शन करने के तौर पर देखा जा रहा है।

Popular Articles