Top 5 This Week

Related Posts

8 अगस्त को खड़गे की महारैली रामलीला मैदान में

हल्द्वानी। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने कुमाऊं क्षेत्र में अपनी सियासी गतिविधियां काफी तेज कर दी हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

इस भव्य रैली के जरिए पार्टी कुमाऊं मंडल में अपने चुनावी अभियान का जोरदार शंखनाद करने जा रही है।

स्वराज आश्रम में आयोजित प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की बैठक में कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा पर अंतिम मुहर लगाई गई। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में भीड़ जुटाने की रणनीति और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पार्टी नेतृत्व ने इस जनसभा में कुमाऊं और गढ़वाल से करीब 15 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया है।

कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट और जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने बताया कि रामलीला मैदान को 6 से 9 अगस्त तक के लिए आरक्षित कराया गया है। मैदान में मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम समय रहते पूरे किए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 7 अगस्त की शाम को ही हल्द्वानी पहुंच सकते हैं, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत और विधायक सुमित हृदयेश सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

नेताओं ने कहा कि देहरादून में राहुल गांधी के सफल कार्यक्रम के बाद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लगातार उत्तराखंड में सक्रिय है। वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने यह भी जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे की जनसभा के बाद सांसद प्रियंका गांधी का भी उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है।

कांग्रेस इस महारैली के माध्यम से प्रदेश की वर्तमान सरकार की नीतियों के खिलाफ माहौल बनाने और दोनों मंडलों के कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में जुटी है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से ठीक पहले हल्द्वानी में होने वाली यह विशाल जनसभा राज्य की राजनीति में बड़ा असर डालेगी।

Popular Articles