वाशिंगटन। अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने बोइंग 737 मैक्स विमानों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। FAA ने 471 बोइंग 737 मैक्स विमानों की जांच के आदेश दिए हैं। यह कार्रवाई विमान के ढांचे में संभावित दरारों की आशंका के चलते की गई है। जांच का उद्देश्य किसी संभावित संरचनात्मक समस्या का समय रहते पता लगाना और उसे ठीक करना है।
FAA का यह निर्देश 737-8, 737-9 और 737-8200 मॉडलों पर लागू होगा। विमानों के आगे के हिस्से में दरवाजे के आसपास संरचनात्मक मजबूती देने वाले बेयर स्ट्रैप की जांच की जाएगी। पुराने 737 नेक्स्ट जेनरेशन विमानों में इस हिस्से में दरारें सामने आने के बाद अब मैक्स विमानों में भी एहतियातन जांच कराने का फैसला किया गया है।
सितंबर से शुरू होगी जांच
FAA के निर्देश के मुताबिक प्रभावित विमानों की जांच 10 सितंबर 2026 तक शुरू करनी होगी। हालांकि, मैक्स विमानों में अभी इस तरह की दरारें सामने आने की पुष्टि नहीं हुई है। समान डिजाइन और निर्माण प्रक्रिया के कारण संभावित जोखिम को देखते हुए नियामक ने इसे अनिवार्य जांच के दायरे में रखा है।
FAA के अनुसार, यह आदेश तत्काल उड़ान प्रतिबंध या आपात स्थिति के तौर पर जारी नहीं किया गया है। विमानों के उड़ान चक्र के आधार पर निर्धारित अवधि में निरीक्षण कराया जाएगा और यदि किसी विमान में दरार मिलती है तो उसे तुरंत ठीक करना होगा।
बोइंग ने जताया सहयोग
बोइंग ने इस मुद्दे पर एयरलाइनों और FAA को पहले ही जानकारी देने की बात कही है। कंपनी के अनुसार, वह 2019 से इस संभावित समस्या पर ऑपरेटरों के साथ काम कर रही है। कंपनी ने FAA के निर्देश का समर्थन किया है और कहा है कि समय रहते जांच से किसी गंभीर समस्या को बढ़ने से पहले ही रोका जा सकता है।
737 मैक्स विमान पहले भी सुरक्षा कारणों से जांच के दायरे में रहे हैं। 2018 और 2019 में दो घातक दुर्घटनाओं तथा 2024 में एक मैक्स-9 विमान की घटना के बाद बोइंग की सुरक्षा और निर्माण प्रक्रियाओं पर नियामकों की निगरानी बढ़ी है। ऐसे में ताजा निरीक्षण आदेश को विमान सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण एहतियाती कदम माना जा रहा है।





