Top 5 This Week

Related Posts

भोटियापड़ाव में तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूटी सवार दंपति को रौंदकर भागा चालक

तनिष्क शोरूम के पास पीछे से मारी जोरदार टक्कर, दोनों गंभीर घायल; कार का नंबर तक नहीं देख सके पीड़ित, सीसीटीवी में तलाश रही पुलिस

हल्द्वानी। शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर सामने आया। भोटियापड़ाव क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दंपति को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके पर रुके बिना फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को बेस अस्पताल पहुंचाया। मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

किदवई नगर निवासी आजम हुसैन सिद्दीकी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 अगस्त की देर रात वह पत्नी लाव्या के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। दोनों तनिष्क शोरूम के समीप भोटियापड़ाव चौकी के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पति-पत्नी सड़क पर जा गिरे। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। अंधेरा और अचानक हुई टक्कर के कारण पीड़ित कार का नंबर भी नहीं देख सके।
हादसे की सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने दोनों घायलों को बेस अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित के मुताबिक उनकी पत्नी को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत अभी भी ठीक नहीं है। दोनों पति-पत्नी हल्द्वानी न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस करते हैं।

कैमरों में कैद हो सकता है फरार चालक

मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता के अनुसार जांच उपनिरीक्षक किरपाल सिंह को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार और फरार चालक की पहचान की जा सके।

Popular Articles