Top 5 This Week

Related Posts

29 दिन से गूंज रही गैरसैंण की मांग, अब बाजार में उतरे आंदोलनकारी

विनोद रतूड़ी के नेतृत्व में निकाली जागरूकता रैली, गीता बिष्ट और हरेंद्र राणा क्रमिक अनशन पर बैठे

हल्द्वानी। गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग 29 दिन बाद भी थमी नहीं है। रविवार को आंदोलनकारियों ने बुद्ध पार्क से हल्द्वानी बाजार तक रैली निकालकर सरकार को फिर चेताया कि पहाड़ी राज्य की राजधानी का सवाल अब और टाला न जाए।

पूर्व आईएएस विनोद प्रसाद रतूड़ी के नेतृत्व में निकली रैली में आंदोलनकारियों ने गैरसैंण को पहाड़ के विकास और पलायन रोकने से जोड़ते हुए जनता से आंदोलन में भागीदारी की अपील की।

पहाड़ी आर्मी के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि 43 शहादतों के बाद बने उत्तराखंड में आज भी पलायन गंभीर चुनौती है। राज्य आंदोलनकारी गोपाल दत्त कोठारी और हरीश पनेरू ने कहा कि राज्य निर्माण का सपना अधूरा है और इसके लिए आंदोलनकारियों को फिर एकजुट होना होगा।

आंदोलन के 29वें दिन गीता बिष्ट और हरेंद्र राणा क्रमिक अनशन पर बैठे। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो आमरण अनशन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है। रैली में रामेश्वर शर्मा, ललित मोहन जीना, अनिल बहुगुणा, प्रेमा मेर सहित दर्जनों आंदोलनकारी शामिल रहे।

Popular Articles