रुद्रपुर। गोवंश संरक्षण स्क्वाड कुमाऊं की टीम ने एक आटो में सवार दो लोगों को संदिग्ध गोमांस के साथ गिरफ्तार किया है। टीम ने यह कार्रवाई एक सूचना पर की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। गोवंश संरक्षण स्क्वाड कुमाऊं प्रभारी को एक व्यक्ति ने सूचना दी कि सिरौलीकला निवासी तौसीब और खेड़ा निवासी नईम सिरौली कला में गाय काटकर उसका मांस ऑटो से रुद्रपुर स्थित नईम की दुकान पर बिक्री के लिए ला रहे हैं। सूचना पर टीम प्रभारी पंकज बेलवाल ने पुलिस टीम के साथ ईदगाह रोड की ओर घेराबंदी की।
इसी दौरान श्मशान घाट कट के पास कुछ लोगों ने एक हरे-पीले रंग के ऑटो (यूके06टीए-8553) को रोक रखा था। मौके पर पहुंच पुलिस ने आटो समेत दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान नईम निवासी नई बस्ती खेड़ा और तौसीब निवासी सिरौली कला थाना पुलभट्टा के रूप में की। ऑटो की तलाशी लेने पर काले तिरपाल के नीचे बड़ी मात्रा में संदिग्ध मांस बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सिरौली में आवारा गाय काटकर उसका मांस बिक्री के लिए रुद्रपुर लाने की बात स्वीकार की। मौके पर भीड़ जुटने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के चलते पुलिस दोनों आरोपियों, बरामद मांस और वाहन को कोतवाली ले आई।
कोतवाली में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज कुमार पाठक ने बरामद मांस का परीक्षण किया। मांस जांच के लिए भेजा जाएगा।
जांच के लिए तीन नमूने सुरक्षित कर सील किए गए, जबकि करीब 250 किलो शेष मांस को भी सील कर कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस ने प्रतिबंधित मांस के परिवहन में प्रयुक्त ऑटो को भी सीज कर दिया। दोनों आरोपियोन को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ उत्तराखंड गौ संरक्षण अधिनियम की धारा 3, 5, 6 और 11(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
गोमांस बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो
रुद्रपुर। हिंदूवादी संगठन के नेता विट्टू शर्मा ने कहा कि उनकी टीम और बजरंग दल के कार्यकर्ता गोमांस बेचने वालों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। पहले भी कई बार गोमांस बेचने वाले गोमांस समेत पकड़वाया है। बजरंग दल कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से नजर रखे हुए थे और गुरुवार को किच्छा के बजरंग दल संयोजक अंशु ने पुलिस को सूचना दी थी। तभी पुलिस और गोमांस टीम पहुंची। उन्होंने कहा कि गोमांस बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो।




