Top 5 This Week

Related Posts

24 घंटे से अधिक ठप रहने के बाद माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बहाल, कंपनी ने बताई आउटेज की वजह; ग्राहकों से मांगी माफी

वॉशिंगटन। दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई बड़ी तकनीकी खराबी अब दूर हो गई है। 24 घंटे से अधिक समय तक चले इस मेगा आउटेज के कारण दुनियाभर के लाखों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और कोपायलट समेत माइक्रोसॉफ्ट 365 की कई सेवाएं प्रभावित रहीं। कंपनी ने सेवाएं बहाल करने के साथ ही ग्राहकों और साझेदारों से इस व्यवधान के लिए गहरा खेद जताया है।

माइक्रोसॉफ्ट ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि समस्या के मूल कारण को ठीक कर लिया गया है और सेवाएं दोबारा सामान्य कर दी गई हैं। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह घटना किसी साइबर हमले या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की वजह से नहीं हुई, बल्कि नेटवर्क से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी के कारण सामने आई।

नेटवर्क अपग्रेड के दौरान हुई थी गड़बड़ी

कंपनी के अनुसार, नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए पहले किए गए अपग्रेड के दौरान एक तकनीकी समस्या पैदा हुई थी। हाल ही में किए गए नेटवर्क बदलाव के बाद यह गड़बड़ी सामने आई। इसके चलते कई सर्वर अचानक काम करना बंद कर गए। सर्वरों का लोड दूसरे सक्रिय सर्वरों पर पहुंचने से उन पर भी दबाव बढ़ गया और सेवाएं बाधित हो गईं।

समस्या को ठीक करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के इंजीनियरों ने प्रभावित सर्वरों की सेटिंग में बदलाव किया, पुराने कॉन्फिगरेशन को बहाल किया और अतिरिक्त वर्चुअल मशीनें जोड़ीं। कंपनी ने सेवाओं को एक साथ शुरू करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से बहाल किया, ताकि दोबारा तकनीकी परेशानी न आए।

74 देशों में पड़ा असर

इस आउटेज का प्रभाव कम से कम 74 देशों में देखने को मिला। कंपनियों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, अदालतों और एयरलाइंस का काम प्रभावित हुआ। कई संस्थानों को ईमेल और ऑनलाइन संचार सेवाएं ठप होने के कारण फोन कॉल, कागजी रिकॉर्ड और फैक्स का सहारा लेना पड़ा।

भारत में इंडिगो और अकासा एयर की ईमेल सपोर्ट सेवाएं प्रभावित हुईं। वहीं, एयर इंडिया ने वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए ग्राहकों के संदेश प्राप्त करने का काम जारी रखा।

ब्रिटेन में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को कागजी रिकॉर्ड का इस्तेमाल करना पड़ा, जबकि जापान की कुछ कंपनियों ने फैक्स के जरिए कामकाज किया।

जांच के बाद जारी होगी विस्तृत रिपोर्ट

माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि आउटेज के दौरान भेजे गए ईमेल सुरक्षित रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई और लंबित संदेशों को धीरे-धीरे डिलीवर किया गया। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि घटना की पूरी समीक्षा के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी, जिसमें तकनीकी खराबी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

Popular Articles