Top 5 This Week

Related Posts

21 सितंबर से देहरादून में शुरू होगा उत्तराखंड प्रीमियर लीग का तीसरा सीजन

देहरादून। उत्तराखंड के क्रिकेट प्रेमियों के लिए टी-20 क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर लौटने जा रहा है। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) का तीसरा संस्करण 21 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक देहरादून के रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस लीग में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के मुकाबले होंगे।

इस बार पुरुष वर्ग में सात टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें देहरादून वॉरियर्स, यूएसएन इंडियंस, हरिद्वार एल्मास, टिहरी टाइटंस, ऋषिकेश रिवर किंग्स, पिथौरागढ़ हरिकेंस और नैनीताल टाइगर्स शामिल हैं। वहीं महिला वर्ग में मसूरी क्वींस, बागेश्वर एरियल, पिथौरागढ़ हरिकेंस और देहरादून वॉरियर्स मैदान में उतरेंगी।

महिला वर्ग में चार आइकन खिलाड़ी प्रेमा रावत, राघवी बिष्ट, नंदिनी कश्यप और श्वेता वर्मा भी हिस्सा लेंगी। आयोजकों का कहना है कि अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से युवा क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धी माहौल में सीखने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

आईपीएल से पहले बड़ा मंच

इस बार यूपीएल का आयोजन आईपीएल नीलामी चक्र से पहले हो रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों को अपने टी-20 प्रदर्शन के जरिए चयनकर्ताओं और फ्रेंचाइजी का ध्यान आकर्षित करने का अवसर मिलेगा। सीएयू के पूर्व सचिव एवं बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष महीम वर्मा ने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाशाली क्रिकेटरों की कमी नहीं है और यूपीएल उन्हें अपनी पहचान बनाने के लिए मंच उपलब्ध कराती है।

सीएयू सचिव किरण वर्मा के अनुसार, पहले दो संस्करणों की सफलता के बाद इस बार लीग को और बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। लीग अध्यक्ष सुनील जोशी ने भी कहा कि यूपीएल का उद्देश्य प्रदेश के क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है।

यूपीएल के पहले संस्करण को टीवी और डिजिटल माध्यमों पर 2.1 करोड़ से अधिक दर्शकों तक पहुंच मिलने की जानकारी आधिकारिक स्तर पर दी गई थी। तीसरे संस्करण में पुरुष और महिला क्रिकेट को समान मंच देकर उत्तराखंड में क्रिकेट के व्यापक विकास पर जोर दिया जा रहा है।

Popular Articles