बाइक की तलाशी खुला नशे का काला राज, 122.14 ग्राम स्मैक के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार
किच्छा। सड़क पर फर्राटा भर रही बाइक के पीछे सिर्फ नशे की खेप नहीं, बल्कि युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ का पूरा खेल छिपा था। सैजना रोड पर एसओटीएफ और पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार को रोका तो तलाशी में स्मैक बरामद होते ही नशे के इस नेटवर्क का एक और चेहरा सामने आ गया। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया और बाइक को भी कब्जे में ले लिया।
एसओटीएफ कुमाऊं रेंज और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम सैजना रोड स्थित सोलर फैक्टरी के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। तलाशी लेते ही पुलिस के हाथ स्मैक की बड़ी खेप लग गई। वजन कराने पर 122.14 ग्राम अवैध स्मैक निकली।
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी की पहचान गुरचरन सिंह पुत्र मक्खन सिंह निवासी धानी करा सिंह अभोर, थाना अभोर, जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई।
बाइक बनी नशे की डिलीवरी का जरिया
पूछताछ और बरामदगी से सामने आया कि आरोपी मोटरसाइकिल से स्मैक लेकर जा रहा था। अब पुलिस उसकी निशानदेही पर यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की खेप कहां से आई और किसे पहुंचाई जानी थी। पुलिस नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा
स्मैक बरामद होने के बाद आरोपी के खिलाफ कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
नशे के सौदागरों पर एसओटीएफ का शिकंजा
आईजी कुमाऊं रेंज निवेदिता कुकरेती के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। एसओटीएफ कुमाऊं और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लगातार नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कसा जा रहा है।
पुलिस टीम में एसओटीएफ कुमाऊं रेंज प्रभारी मय टीम, उपनिरीक्षक पवन जोशी और कांस्टेबल उमेद गिरी शामिल रहे।



