Top 5 This Week

Related Posts

200 साल पुरानी ताजमहल की संगमरमर की पट्टिका ब्रिटेन में होगी नीलाम, 36 लाख रुपये तक लग सकती है बोली

लंदन। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल से जुड़ी एक ऐतिहासिक धरोहर ब्रिटेन में नीलामी के लिए रखी जाएगी। ताजमहल की फूलों वाली नक्काशी से सजी संगमरमर की एक आयताकार पट्टिका को 9 दिसंबर 2026 को ब्रिटेन के नीलामी घर ल्योन एंड टर्नबुल में नीलाम किया जाएगा। इसकी अनुमानित कीमत 20 हजार से 30 हजार पाउंड यानी भारतीय मुद्रा में करीब 24 लाख से 36 लाख रुपये तक बताई गई है।

1816 में ब्रिटिश अधिकारी अपने साथ ले गया था पट्टिका

यह पट्टिका ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के अधिकारी कर्नल पाउनोल फिप्स ने वर्ष 1816 में हासिल की थी। उस समय वह आगरा और आसपास की ऐतिहासिक इमारतों की मरम्मत के अधीक्षक थे। उनके बेटे के संस्मरणों के अनुसार, कर्नल फिप्स को यह पट्टिका ताजमहल के एक भूमिगत हिस्से में मिली थी। उन्हें लगा था कि इसका इस्तेमाल स्मारक की मरम्मत के लिए किया जाना था।

इसके बाद यह ऐतिहासिक वस्तु उनके परिवार के निजी संग्रह में चली गई। वर्ष 1823 में फिप्स अपने परिवार के साथ ब्रिटेन लौट गए और 1858 में उनका निधन हो गया। तब से यह पट्टिका 200 साल से अधिक समय तक उनके परिवार के पास सुरक्षित रही।

संगमरमर पर बनी है आकर्षक फूलों की नक्काशी

नीलामी में रखी जाने वाली पट्टिका 55.8 सेंटीमीटर लंबी, 45.2 सेंटीमीटर चौड़ी और 3 सेंटीमीटर मोटी है। इस पर फूलों का खूबसूरत बॉर्डर बनाया गया है। इसमें एगेट, जैस्पर और कैल्सडोनी जैसे अर्ध-कीमती पत्थरों की जड़ाई की गई है।

इसकी फूलों वाली डिजाइन ताजमहल में शाहजहां के समाधि स्थल के ऊपरी हिस्से पर बनी नक्काशी से मिलती-जुलती है।

पुरानी तस्वीर और दो पत्र भी होंगे नीलामी में शामिल

नीलामी के दौरान संगमरमर की पट्टिका के साथ ताजमहल की एक पुरानी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर और दो ऐतिहासिक पत्र भी पेश किए जाएंगे। इनमें एक पत्र कर्नल फिप्स के पोते द्वारा प्रकाशित किया गया था, जबकि दूसरा मार्क्विस ऑफ बाथ ने हाथ से लिखा था।

नीलामीकर्ताओं के अनुसार, दुनिया की प्रसिद्ध ऐतिहासिक इमारतों में शामिल ताजमहल से जुड़ी इस वस्तु का 210 साल बाद सामने आना बेहद खास है।

Popular Articles