ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हसीना ने 16 दिसंबर को भारत से बांग्लादेश लौटने की घोषणा की है। इस पर बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने तंज कसते हुए कहा कि दिसंबर में शेख हसीना नहीं आएंगी, बल्कि सिर्फ सर्दी आएगी।
समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कबीर ने कहा कि वह पहले भी सिलहट में आयोजित एक बैठक में स्पष्ट कर चुके हैं कि हसीना दिसंबर में वापस नहीं लौटेंगी। उन्होंने कहा कि यदि हसीना की वापसी होती है तो यह भारत और बांग्लादेश के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत ही संभव होगी।
प्रत्यर्पण संधि के तहत वापसी की मांग
हुमायूं कबीर ने कहा कि बांग्लादेश सरकार ने शेख हसीना को वापस सौंपने के लिए भारत के संबंधित अधिकारियों के समक्ष औपचारिक अनुरोध किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हसीना सामान्य यात्री के रूप में नहीं लौट सकतीं। उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत कड़ी निगरानी में या हिरासत में भारत से बांग्लादेश लाना होगा।
मंत्री के मुताबिक, बांग्लादेश ने प्रत्यर्पण संधि के तहत हसीना और अन्य आरोपित व्यक्तियों की वापसी की मांग की है। अब सरकार भारत के जवाब का इंतजार कर रही है।
16 दिसंबर को लौटने का किया था एलान
दरअसल, भारत में रह रहीं शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। यह तारीख बांग्लादेश के विजय दिवस के रूप में मनाई जाती है। वर्ष 1971 में इसी दिन पाकिस्तान की सेना ने आत्मसमर्पण किया था और बांग्लादेश की स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त हुआ था।
हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश सरकार और उनके समर्थकों के बीच राजनीतिक बयानबाजी जारी है। वहीं, प्रत्यर्पण को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक बातचीत भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
फिलहाल हसीना की वापसी की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक सहमति सामने नहीं आई है।





