नई दिल्ली। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर चल रहे विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कड़ा रुख अपनाया। शीर्ष अदालत ने 28 नवंबर को पहाड़ी पर स्थित विवादित दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने का निर्देश दिया है। साथ ही मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित करते हुए मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को सौंप दी है। अदालत ने मंदिर और पूरी पहाड़ी की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को देने का भी आदेश दिया।
न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने तमिलनाडु सरकार और प्रशासन पर पूर्व के आदेश का पालन नहीं करने को लेकर नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि उसके आदेशों को बातचीत या मोलभाव का विषय नहीं बनाया जा सकता।
वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), मदुरै के जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त और हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है। मुख्य सचिव को अधिकारियों तक तीन दिनों के भीतर नोटिस पहुंचाने और इस संबंध में हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। उन्हें अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने को भी कहा गया है।
अदालत ने दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को रिसीवर नियुक्त किया है, जो मंदिर प्रशासन की निगरानी करेंगे और दीप जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
दरगाह से 50 मीटर दूर होगा आयोजन
अदालत के निर्देशानुसार, दीपथून पर दीप जलाने का आयोजन पास स्थित सिकंदर बादुशा दरगाह से कम से कम 50 मीटर की दूरी पर किया जाएगा। CRPF को मंदिर और दरगाह दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं को शांतिपूर्वक धार्मिक गतिविधियां करने देने की जिम्मेदारी दी गई है।
20 नवंबर के आदेश का नहीं हुआ था पालन
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक विशेष व्यवस्था के तहत 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, 24 नवंबर को दीप केवल पारंपरिक दीप मंडपम में जलाया गया और विवादित स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया। इसके बाद अदालत में अवमानना याचिकाएं दाखिल की गईं।
अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद 28 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की तैयारी की जाएगी।





