Top 5 This Week

Related Posts

15 सितंबर से फिर शुरू हो सकती है केदारनाथ हेली सेवा, 14 अगस्त को होगा फैसला

देहरादून। चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में केदारनाथ धाम के लिए 15 सितंबर से हेलीकॉप्टर सेवा फिर शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सेवा बहाली को लेकर अंतिम निर्णय 14 अगस्त को नई दिल्ली में होने वाली बैठक में लिया जाएगा।

बैठक में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए), हेली ऑपरेटरों और मौसम विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। इसमें केदारनाथ हेली सेवा के साथ चारधाम चार्टर्ड सेवा के संचालन पर भी चर्चा होगी। यूसीएडीए के सीईओ प्रतीक जैन के अनुसार, डीजीसीए की अनुमति मिलने के बाद 15 सितंबर से हेली सेवा दोबारा शुरू की जा सकती है।

25 जून के बाद से बंद है सेवा

इस वर्ष 22 अप्रैल को बाबा केदारनाथ के कपाट खुलने के साथ ही हेली सेवा शुरू हुई थी। गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलिपैड से आठ एविएशन कंपनियां सेवा संचालित कर रही थीं। मानसून को देखते हुए डीजीसीए ने 25 जून तक ही उड़ानों की अनुमति दी थी। इसके बाद केदारनाथ के लिए हेली सेवा स्थगित कर दी गई। अब मौसम की स्थिति अनुकूल रहने पर इसे 15 सितंबर से फिर शुरू करने की तैयारी है।

पहले चरण में 1.37 लाख श्रद्धालुओं ने की हेली यात्रा

चारधाम यात्रा के पहले चरण में हेलीकॉप्टर से 1.37 लाख तीर्थयात्री केदारनाथ धाम पहुंचे। धाम के लिए हेली सेवा की भारी मांग रहती है। यही कारण है कि बुकिंग पोर्टल खुलने के कुछ ही समय में टिकट भर जाते हैं। सेवा दोबारा शुरू होने से दूसरे चरण की यात्रा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।

अंतिम निर्णय डीजीसीए की अनुमति और मौसम संबंधी परिस्थितियों के आधार पर होगा। ऐसे में 14 अगस्त की बैठक पर श्रद्धालुओं और हेली सेवा संचालकों की नजर रहेगी।

Popular Articles