Top 5 This Week

Related Posts

12 नवंबर से शुरू होंगी बदरीनाथ धाम की पंच पूजाएं, 16 नवंबर को रात 9:37 बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे कपाट

गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम में शीतकाल के लिए कपाट बंद करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार 12 नवंबर से मंदिर में पांच दिवसीय पंच पूजाओं का शुभारंभ होगा। इसके बाद सोमवार 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर भगवान बदरीविशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की मुख्य बदरीनाथ यात्रा का समापन हो जाएगा।

पांच दिनों तक होंगे विशेष धार्मिक अनुष्ठान

बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से पंच पूजाओं का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत 12 नवंबर को भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के बाद गणेश मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद होंगे।

14 नवंबर को खड्ग-पुस्तक पूजन के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद किया जाएगा। वहीं, 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित किया जाएगा और भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण दिया जाएगा।

16 नवंबर को बंद होंगे मुख्य कपाट

पंच पूजाओं के अंतिम दिन 16 नवंबर को माता लक्ष्मी भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होंगी। भगवान उद्धव और कुबेर जी मंदिर परिसर में आ जाएंगे। इसके बाद निर्धारित शुभ मुहूर्त में रात 9:37 बजे बदरीनाथ धाम के मुख्य कपाट बंद कर दिए जाएंगे।

17 नवंबर से शुरू होगी उत्सव डोलियों की शीतकालीन यात्रा

कपाट बंद होने के अगले दिन 17 नवंबर को भगवान उद्धव और कुबेर जी की उत्सव डोलियां शीतकालीन प्रवास के लिए पांडुकेश्वर स्थित योग बदरी मंदिर रवाना होंगी। वहीं, गरुड़ जी और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी। 18 नवंबर को आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी नृसिंह मंदिर में विराजमान होगी।

शीतकालीन यात्रा को मिलेगा बढ़ावा

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्रद्धालुओं से कपाट बंद होने से पहले बदरीनाथ धाम के दर्शन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कपाट बंद होने के बाद भी शीतकालीन पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं को दर्शन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित किया जाएगा।

Popular Articles