Top 5 This Week

Related Posts

हर रविवार गांव पहुंचेगा भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ, 15 अगस्त से शुरू होगा ‘एक रविवार-एक गांव’ अभियान

देहरादून, 12 अगस्त। उत्तराखंड में भाजपा के एनजीओ प्रकोष्ठ की ओर से स्वतंत्रता दिवस से सामाजिक सेवा का नया अभियान शुरू किया जा रहा है। ‘एक रविवार-एक गांव, एक घंटा-समाज के नाम’ नाम से शुरू होने वाले इस अभियान के तहत प्रत्येक रविवार कार्यकर्ता एक गांव में पहुंचेंगे और ग्रामीणों के साथ संवाद कर एक घंटे सामाजिक सेवा के कार्य करेंगे। अभियान की शुरुआत 15 अगस्त से होगी।

अभियान के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा ने बताया कि इसका उद्देश्य बड़े और खर्चीले आयोजन करना नहीं, बल्कि गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी स्थानीय जरूरतों को समझना है। इसके बाद उपलब्ध संसाधनों और क्षमता के अनुसार छोटे लेकिन उपयोगी सामाजिक कार्य किए जाएंगे।

अभियान के संचालन की जिम्मेदारी एनजीओ प्रकोष्ठ की प्रदेश सह-संयोजक मधु जैन को दी गई है। उन्होंने कहा कि इसे अधिक से अधिक गांवों तक पहुंचाने के लिए जिला संयोजकों, सह-संयोजकों, स्थानीय एनजीओ, सामाजिक संस्थाओं और ग्रामवासियों के साथ समन्वय किया जाएगा।

सेवा कार्यों पर रहेगा जोर

कार्यक्रम के दौरान एक घंटे को तीन हिस्सों में बांटा जाएगा। पहले 10 मिनट ग्रामीणों से संवाद और संकल्प के लिए, अगले 40 मिनट सेवा कार्य के लिए तथा अंतिम 10 मिनट समीक्षा और अगले रविवार की योजना बनाने के लिए निर्धारित होंगे।

गांव की जरूरत के अनुसार स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, जलस्रोतों की सफाई, बुजुर्गों से मुलाकात, दिव्यांगजनों की सहायता, नशामुक्ति के प्रति जागरूकता और जरूरतमंद परिवारों की मदद जैसे कार्य किए जाएंगे।

भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के अनुसार, अभियान का मकसद नियमित रूप से गांवों से जुड़ना और स्थानीय स्तर पर सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। हर रविवार एक गांव में एक घंटे की सेवा के माध्यम से संगठन प्रदेशभर में सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने की कोशिश करेगा।

Popular Articles