गौलापार, उत्तराखंड: उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 120 कैडेट्स के लिए सीआरपीएफ कैंप, गौलापार में विशेष बेसिक लीडरशिप कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप का उद्देश्य कैडेट्स को SSB प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान करना है।
कैंप के दौरान कैडेट्स को सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड (SSB) चयन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया जाएगा तथा उनमें Officer Like Qualities (OLQs) विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। प्रशिक्षण में संचार कौशल, आत्मविश्वास निर्माण, समूह चर्चा, समूह कार्य, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व, साक्षात्कार तकनीक एवं व्यक्तित्व के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कैंप का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स के समग्र व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, पहल करने की क्षमता, जिम्मेदारी, टीम भावना, परिस्थितियों के अनुरूप ढलने की क्षमता एवं नेतृत्व गुणों को विकसित करना है। विभिन्न समूह गतिविधियों एवं नेतृत्व अभ्यासों के माध्यम से कैडेट्स को एक सकारात्मक, आत्मविश्वासी एवं जिम्मेदार व्यक्तित्व विकसित करने तथा भविष्य की चुनौतियों एवं चयन प्रक्रियाओं के लिए तैयार किया जाएगा।





