हल्द्वानी। शहर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामलों में दो अलग-अलग घटनाओं में साइबर ठगों ने बैंक खातों से लाखों रुपये निकालकर लोगों को चूना लगा दिया। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।
पहले मामले में रेखा पंत, निवासी फेज-3 नीलांचल कॉलोनी, ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका तिकोनिया स्थित एक बैंक में बचत खाता है। दो दिन पूर्व उन्हें पता चला कि उनके खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना 5,15,990 रुपये निकाल लिए गए। यह निकासी दोपहर हुई। धोखाधड़ी की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल बैंक को सूचना देकर अपना बैंक खाता, डेबिट कार्ड ब्लॉक कराया तथा हैक किए गए सिम को भी बंद करवा दिया। पीड़िता ने पुलिस से उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर धनराशि बरामद कराने की मांग की है।
दूसरे मामले में बंशीधर डालाकोटी, निवासी श्रीविहार हिम्मतपुर मल्ला, ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका खाता पी एन बी की तिकोनिया शाखा में है। 19 जून को सबसे पहले उनके खाते से परीक्षण के तौर पर 1-1 रुपये की दो निकासी यू पी आई के माध्यम से की गई। इसके बाद उसी दिन दो बार 49,990 रुपये और 49,989 रुपये निकाले गए। अगले दिन 20 जून को भी दो ट्रांजेक्शन में 50,000 रुपये और लगभग 49,999 रुपये निकाल लिए गए।
पीड़ित ने बताया कि इससे पहले उन्होंने एक चिकित्सालय में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर उनसे मोबाइल नंबर, आधार कार्ड नंबर और एटीएम कार्ड के 16 अंकों की जानकारी मांगी। जानकारी साझा करने के कुछ समय बाद ही उनके खाते से रकम निकल गई।
दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी का मामला सामने आ रहा है। पुलिस का कहना है साईबर ठग जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या व्यक्ति के साथ बैंकिंग जानकारी, डिटेल साझा न करें। साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है।





