हल्द्वानी। भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चे ने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में मंथन तेज कर दिया है। इसी क्रम में अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा मजहर नईम नवाब से शिष्टाचार मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।
यह मुलाकात भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार अहमद के कार्यालय में हुई। इस दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और अल्पसंख्यक मोर्चे की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंचाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
अनीस गौड़ ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं के परिश्रम, वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और सामूहिक प्रयासों से लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद से संगठनात्मक कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
बैठक में संगठन की मजबूती के साथ जनसेवा से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश महामंत्री महमूद हसन बंजारा, प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार अहमद व राव जमीर, प्रदेश प्रवक्ता जहीर अंसारी और प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक यूसुफ मलिक मौजूद रहे।




