Top 5 This Week

Related Posts

राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन और मुख्यमंत्री धामी ने की पूजा अर्चना             

हल्द्वानी। बेरीपड़ाव उत्तराखंड की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के बीच गुरुवार को बेरीपड़ाव का श्री महालक्ष्मी अष्टभुजा मंदिर अचानक सियासी चर्चाओं के केंद्र में आ गया। नैनीताल जिले के हल्द्वानी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक साथ मंदिर पहुंचकर मां महालक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। दोनों नेताओं ने विधि-विधान से पूजन कर प्रदेश और देशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

धार्मिक माहौल में हुई इस पूजा ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को जरूर गर्म कर दिया है। वजह भी साफ है—एक ओर प्रदेश में भाजपा संगठन 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटा है, तो दूसरी ओर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तराखंड दौरा संगठन और सरकार दोनों के लिए अहम माना जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री धामी के साथ उनका एक ही मंच पर और फिर मंदिर में एक साथ नजर आना सियासी नजरों से भी देखा जा रहा है।

हालांकि मंदिर में कार्यक्रम पूरी तरह धार्मिक रहा और नेताओं ने प्रदेश की उन्नति व जनकल्याण के लिए प्रार्थना की, लेकिन 2027 की चुनावी तैयारियों के बीच सामने आई यह तस्वीर राजनीतिक मायने तलाशने वालों के लिए चर्चा का विषय बन गई है।मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के दौरान आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की निरंतर प्रगति, शांति और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। वहीं नितिन नवीन ने भी प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।अब राजनीतिक नजरिए से देखें तो बेरीपड़ाव के महालक्ष्मी मंदिर से सामने आई धामी और नितिन नवीन की तस्वीर ने उत्तराखंड भाजपा के भीतर 2027 को लेकर चल रही चर्चाओं को और हवा दे दी है। भाजपा सत्ता की हैट्रिक के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है और संगठन लगातार प्रदेश में अपनी सक्रियता बढ़ा रहा है।

Popular Articles