नई दिल्ली। ऑनलाइन खरीदारी से जुड़ी उपभोक्ता शिकायतों में फ्लिपकार्ट सबसे आगे रहा है। सरकार की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (NCH) पर फ्लिपकार्ट के खिलाफ करीब 1.33 लाख शिकायतें दर्ज की गईं। इसके साथ ही कंपनी ई-कॉमर्स क्षेत्र में सबसे अधिक शिकायतों वाली कंपनी बन गई है।
आंकड़ों के मुताबिक, फ्लिपकार्ट के बाद अमेजन के खिलाफ 91,248 शिकायतें दर्ज हुईं। तीसरे स्थान पर मीशो रहा, जिसके खिलाफ 29,284 शिकायतें आईं। इसके बाद मिंत्रा, नेटमेड्स, जेप्टो और ब्लिंकिट समेत अन्य ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म रहे।
91 करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड
उपभोक्ता शिकायतों के समाधान की दिशा में भी NCH की ओर से आंकड़े जारी किए गए हैं। 25 अप्रैल 2025 से 30 जून 2026 के बीच हेल्पलाइन के माध्यम से उपभोक्ताओं को 91 करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड दिलाने की बात कही गई है। इसमें 63 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ई-कॉमर्स से जुड़े विवादों में थी। इस अवधि में रिफंड से संबंधित 1.47 लाख से अधिक शिकायतों का निपटारा किया गया।
47 ई-कॉमर्स कंपनियों पर जुर्माना
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के अनुसार, केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने नियमों के उल्लंघन के मामलों में 47 ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर करीब 1.12 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। बढ़ती ऑनलाइन खरीदारी के बीच शिकायतों की संख्या उपभोक्ता संरक्षण से जुड़ी चुनौतियों को भी सामने ला रही है।
सरकार लगातार उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निपटारे और ई-कॉमर्स कंपनियों की जवाबदेही बढ़ाने पर जोर दे रही है। आंकड़े बताते हैं कि ऑनलाइन खरीदारी के विस्तार के साथ रिफंड, डिलीवरी और सेवा से जुड़े विवाद उपभोक्ता शिकायतों का अहम हिस्सा बने हुए हैं।





