Top 5 This Week

Related Posts

मोबाइल ऐप से यूजर चार्ज वसूली शुरू, बोर्ड बैठक में विकास के 16 प्रस्तावों पर लगी मुहर

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने आठ मनोनीत पार्षदों को दिलाई शपथ, नगर विकास और जनसुविधाओं से जुड़े अहम फैसले सर्वसम्मति से पारित

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक गुरुवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में आयोजित हुई। बैठक में नगर विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक से पहले उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत आठ पार्षदों को महापौर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और नगरहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक की सबसे बड़ी उपलब्धि नगर निगम के डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का शुभारंभ रही। निगम का दावा है कि नई डिजिटल व्यवस्था से यूजर चार्ज की वसूली अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी होगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

बोर्ड बैठक में महापौर की ओर से 12 तथा पार्षदों की ओर से तीन जनहित प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। विस्तृत चर्चा के बाद सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिए गए। साथ ही पूर्व में कराए गए विकास कार्यों को भी बोर्ड ने कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की।

बैठक में नगर निगम की किरायेदारी दुकानों के वर्तमान किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि करने तथा 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा करने वालों को विशेष छूट देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा शहर की बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 200 नए विद्युत पोल एवं तार लगाने, सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए नए वाहन, ट्रैक्टर और टैंकर खरीदने तथा निगम कार्यालय के विस्तार के साथ सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया।

बोर्ड ने सुभाष नगर स्थित नगर निगम भवन में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने, शहर में महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए भूमि चयन, 50 टीपीडी फ्रेश वेस्ट प्लांट से संबंधित अवशेष भुगतान, गंगापुर कबड़वाल गोशाला में बायोगैस प्लांट और मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इंसिनरेटर स्थापित करने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियम-2026 के तहत उपविधियां बनाने, ट्यूबवेल निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने तथा आरोग्य मंदिर के अनुबंध पर विचार संबंधी प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की।

पार्षदों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों में सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर लगाने, यूयूएसडीए द्वारा बनने वाली सड़कों के साथ नालियों का निर्माण अनिवार्य करने तथा आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाकर भविष्य में ऐसी दुकानों के संचालन पर रोक लगाने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक निर्णय जनता की सुविधा, पारदर्शिता और विकास को केंद्र में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा पारित सभी प्रस्ताव शहर के सुनियोजित विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं को नई दिशा देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से हल्द्वानी-काठगोदाम को प्रदेश के सबसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक नगरों में शामिल किया जाएगा।

बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी श्री टोलिया, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा सभी पार्षद मौजूद रहे। अंत में महापौर ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सर्वसम्मति से लिए जा रहे निर्णय नगरहित की मजबूत परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं और भविष्य में भी जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

Popular Articles