पार्टी के कई कार्यकर्ता समेत पार्षद पहुंचे शुभारंभ के दौरान, जनता से सीधे संवाद और समस्याओं के त्वरित समाधान का बनेगा माध्यम
रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने शुक्रवार को अपने निजी आवास पर नगर निगम के कैंप कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान महापौर ने परिवारजनों के साथ पूजा-अर्चना एवं हवन कर भगवान श्रीकृष्ण से महानगर की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की।कैंप कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर नगर निगम के पार्षद,भाजपा कार्यकर्ता,युवा साथी और शहर के कई लोग मौजूद रहे।
महापौर विकास शर्मा को कैंप कार्यालय के शुभारंभ पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यालय जनता और नगर निगम के बीच समन्वय को और मजबूत करेगा।महापौर ने कहा कि यह कैंप कार्यालय पूरी तरह रुद्रपुर की जनता को समर्पित है। महानगर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों को अपनी समस्याओं और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए नगर निगम कार्यालय तक पहुंचने में कई बार असुविधा का सामना करना पड़ता है।
कैंप कार्यालय शुरू होने से क्षेत्रवासियों को अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रखने के लिए एक अतिरिक्त और सुलभ माध्यम उपलब्ध होगा।कैंप कार्यालय में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान का प्रयास किया जाएगा। सड़क, नाली, पेयजल, सफाई, पथ प्रकाश, निर्माण कार्य, प्रमाणपत्र और नगर निगम से संबंधित अन्य जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
मेरा संकल्प है कि रुद्रपुर की जनता को सुगम, सरल और संवेदनशील जनसेवा उपलब्ध हो। प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की बात सुनी जाए और उसके कार्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए। यह कैंप कार्यालय जनता से सीधे संवाद, समस्याओं की नियमित सुनवाई और उनके शीघ्र निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर,व्यवस्थित और विकसित महानगर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कैंप कार्यालय भी जनसेवा और विकास की इसी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता,जिला अध्यक्ष कमल जिंदल,जिला महामंत्री तरुण दत्ता,पार्षद प्रमोद शर्मा,पार्षद राजेश जग्गा, पार्षद चिराग कालड़ा,दलीप अधिकारी,पवन राणा,मानवेंद्र राय,संतोष गुप्ता, नूरुद्दीन अशफाक,विक्की अंसारी,ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ,मोर सिंह यादव,आशीष यादव, छात्र संघ अध्यक्ष रजत सिंह बिष्ट,अभिषेक दास गुप्ता,ममता त्रिपाठी,आशा मुंजाल,स्वाति शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।





