बीजिंग। चीन में तूफान ‘सॉडेल’ के कारण भारी बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं। जियांग्शी प्रांत के सुइचुआन काउंटी के गाओपिंग कस्बे में शनिवार तड़के करीब चार बजे भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 11 लोग लापता बताए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार भूस्खलन से 12 मकान प्रभावित हुए हैं।
भूस्खलन के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही संभावित द्वितीयक आपदाओं से निपटने के लिए आपात दलों को सक्रिय किया है।
तूफान सॉडेल ने चीन के दक्षिणी और तटीय इलाकों में भी भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है। फुजियान और गुआंगदोंग में कई इलाकों में घरों में पानी भर गया। फुजियान के फुडिंग शहर में बाढ़ का पानी कमर तक पहुंच गया, जिसके बाद बचावकर्मियों ने बुजुर्गों समेत कई लोगों को सुरक्षित निकाला। जिंक्सी गांव में बाढ़ के कारण तीन मंजिला इमारत भी ढह गई।
भारी बारिश के चलते प्रशासन ने कई इलाकों में स्कूल बंद कर दिए हैं। पर्यटन स्थलों को भी अस्थायी रूप से बंद किया गया है, जबकि कई नौका सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। अधिकारियों ने अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
तूफान सॉडेल गुरुवार को फुजियान के तट से तीसरी बार चीन में पहुंचा। इसके प्रभाव से व्यापक स्तर पर बारिश हुई और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया। अधिकारियों ने नदी के जलस्तर और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस साल चीन में तूफानों और अत्यधिक बारिश की घटनाओं ने चिंता बढ़ाई है। सॉडेल के कारण प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान जारी है तथा लापता लोगों की तलाश की जा रही है।




