देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को राष्ट्रीय संगठन में नए पदाधिकारियों और अन्य दायित्वों की घोषणा कर दी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से घोषित नई टीम में उत्तराखंड को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उत्तराखंड से ही आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक तथा महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री का दायित्व दिया गया है। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इनमें तीरथ सिंह रावत के अलावा पूर्व राजस्थान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराजा, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर शामिल हैं।
पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिवों और सचिवों की टीम में भी बदलाव किया है। स्मृति ईरानी और बिप्लब कुमार देब समेत आठ नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बने रहेंगे।
उत्तराखंड के दो वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश भाजपा में उत्साह है। तीरथ सिंह रावत पूर्व में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, जबकि अनिल बलूनी वर्तमान में गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। नई जिम्मेदारियों को प्रदेश की राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा ने नई टीम में अनुभव और नए चेहरों के संतुलन के साथ संगठन को आगे बढ़ाने का संकेत दिया है। राष्ट्रीय स्तर पर हुए इस फेरबदल के बाद पार्टी की आगामी संगठनात्मक गतिविधियों में इन नेताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहने की उम्मीद है।





