Top 5 This Week

Related Posts

देहरादून में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी शुरू

14 देशों के 270 से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, हिमाद्रि आइस रिंक में दिखेगा एशिया के दिग्गज स्केटरों का दम

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय आइस स्पोर्ट्स के केंद्र के रूप में उभरी है। हिमाद्रि आइस रिंक में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का आगाज हो गया। प्रतियोगिता में एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में 14 देशों के 270 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इनके अलावा करीब 102 कोच, रेफरी और अन्य तकनीकी अधिकारी भी प्रतियोगिता का हिस्सा हैं। प्रतिभागी देशों में भारत के साथ चीन, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, थाईलैंड, वियतनाम, फिलीपींस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया, मलेशिया, चीनी ताइपे, इंडोनेशिया और उज्बेकिस्तान शामिल हैं।

प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के स्केटर विभिन्न दूरी की स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग में खिलाड़ियों को तेज रफ्तार के साथ रणनीति, संतुलन और तकनीक का भी परिचय देना होता है।

देहरादून में लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित एशियन प्रतियोगिता का आयोजन होना भारत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पिछले वर्ष भी हिमाद्रि आइस रिंक में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी आयोजित हुई थी, जिसमें 11 एशियाई देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था।

आयोजन से उत्तराखंड में आइस स्पोर्ट्स को बढ़ावा मिलने के साथ युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने इसे देश में शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग के विकास की दिशा में अहम कदम बताया है।

देहरादून में अंतरराष्ट्रीय स्तर की आइस स्केटिंग सुविधाओं के विकसित होने से शहर की खेल पहचान भी मजबूत हुई है। प्रतियोगिता के जरिए भारतीय खिलाड़ियों को घरेलू मैदान पर अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिल रहा है।

Popular Articles