Top 5 This Week

Related Posts

बिंदुखेड़ा-छतरपुर डाम कॉलोनी रोड की जर्जर सड़क, आगामी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

ग्रामीणों ने धान रोपाई कर जताया विरोध, प्रदर्शन

रुद्रपुर। बिंदुखेड़ा-छतरपुर डाम कॉलोनी रोड की लंबे समय से जर्जर सड़क निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। क्षेत्रवासियों ने बदहाल सड़क पर प्रतीकात्मक रूप से धान रोपकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और “रोड नहीं तो वोट नहीं” का ऐलान करते हुए आंदोलन को तेज कर दिया है। सड़क निर्माण की मांग कर रहे स्थानीय लोगो ने कहा कि कई वर्षों से सड़क की दुर्दशा के कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ होने के कारण स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी मरीज को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलानी पड़ती है, लेकिन खराब सड़क के कारण कई बार एंबुलेंस भी रास्ते में फंस जाती है, जिससे मरीजों की जान तक जोखिम में पड़ जाती है। लोगों ने सरकार से तत्काल सड़क का निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा और आगामी चुनाव में “रोड नहीं तो वोट नहीं” के तहत चुनाव में मतदान नहीं किया जायेगा। यहां पर दिनेश पंत, जगदीश चन्दोला, स्थानीय, अमरजीत सिंह, बीडीसी मेंबर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Popular Articles