नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न अवसरों पर मिले करीब 1,498 उपहारों और स्मृति चिह्नों की ई-नीलामी गुरुवार से शुरू हो गई। संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित यह ई-नीलामी 31 अक्टूबर तक चलेगी। इस बार नीलामी में भगवान राम की चांदी की प्रतिमा, राधा-कृष्ण की सोने की परत वाली कलाकृति और भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के मॉडल समेत कई विशिष्ट वस्तुएं शामिल हैं।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बुधवार को ई-नीलामी के आठवें संस्करण की शुरुआत की। मंत्रालय के अनुसार, इस संग्रह में भारत की कला, संस्कृति, पारंपरिक कारीगरी और खेल उपलब्धियों से जुड़ी वस्तुओं को शामिल किया गया है। इस बार 50 विशेष ‘हीरो ऑब्जेक्ट्स’ भी रखे गए हैं।
चांदी की राम प्रतिमा सबसे प्रमुख
नीलामी में कर्नाटक से मिली भगवान राम की चांदी की प्रतिमा का बेस प्राइस 13.50 लाख रुपये रखा गया है। इसके अलावा काकतीय कला तोरणम की चांदी की प्रतिकृति की शुरुआती कीमत 9 लाख रुपये और ‘ट्री ऑफ लाइफ’ नामक गोंड कला पेंटिंग की बेस कीमत 7.50 लाख रुपये है। रथ पर सवार जगन्नाथ परिवार की कलाकृति और 99.99 प्रतिशत शुद्ध सोने की परत वाली राधा-कृष्ण कलाकृति भी प्रमुख वस्तुओं में शामिल हैं।
नौसेना के युद्धपोतों के मॉडल भी शामिल
नीलामी में भारतीय नौसेना के स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस नीलगिरि और मिसाइल डिस्ट्रायर आईएनएस सूरत के मॉडल भी शामिल हैं। दोनों युद्धपोतों को पिछले वर्ष 15 जनवरी को कमीशन किया गया था और इनके मॉडल प्रधानमंत्री को भेंट किए गए थे।
राशि नमामि गंगे में जाएगी
संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, ई-नीलामी से प्राप्त राशि ‘नमामि गंगे कार्यक्रम’ में योगदान के लिए इस्तेमाल की जाएगी। इससे पहले आयोजित सात ई-नीलामियों में 7,400 से अधिक वस्तुओं की नीलामी हो चुकी है, जिससे करीब 52 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। मंत्रालय के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य देश की कला, विरासत और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।





