खटीमा। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने शनिवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक ने पंतनगर की संजय कॉलोनी,वाल्मीकि कॉलोनी एवं मस्जिद कॉलोनी के लोगों की समस्याओं एवं भावनाओं से अवगत कराया।पूर्व विधायक शुक्ला ने सीएम धामी के समक्ष पंतनगर की संजय कॉलोनी, वाल्मीकि कॉलोनी एवं मस्जिद कॉलोनी में वर्षों से निवास कर रहे परिवारों की ओर से प्रभावी ढंग से पक्ष रखते हुए इन बस्तियों को यथावत बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की उजाड़ने की कार्रवाई न किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन कॉलोनियों में रहने वाले अनेक परिवार वर्षों से अपने आशियाने बनाकर जीवनयापन कर रहे हैं और उनका पूरा जीवन, रोजगार, बच्चों की शिक्षा तथा सामाजिक व्यवस्था इन्हीं बस्तियों से जुड़ी हुई है। ऐसे में क्षेत्रवासियों की भावनाओं एवं मानवीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उनके हितों की रक्षा करना अत्यंत आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री के सामने अपनी पीड़ा एवं चिंताओं को रखते हुए आग्रह किया कि उनके आशियानों एवं जीवन से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक निर्णय लिया जाए, जिससे किसी भी परिवार को विस्थापन जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक शुक्ला एवं प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए विषय को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार जनभावनाओं का सम्मान करती है तथा संबंधित विषय पर सभी तथ्यों एवं नियमों का परीक्षण करते हुए मानवीय एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनके हितों को ध्यान में रखा जाएगा।
पंतनगर की संजय कॉलोनी, वाल्मीकि कॉलोनी,मस्जिद कॉलोनी के लोगों के हितों की रक्षा को पूर्व विधायक राजेश ने सीएम धामी से की मुलाकात





