नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश के बीच जारी कूटनीतिक हलचल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के संभावित भारत दौरे को लेकर सकारात्मक संदेश दिया है। भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि रहमान का भारत दौरा सम्मानजनक और यादगार हो।
भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें संदेश दिया है कि तारिक रहमान जब भी भारत आएं, उनका ऐसा सम्मानजनक स्वागत किया जाए, जैसा किसी प्रधानमंत्री का होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय बातचीत से आपसी संबंधों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
बातचीत से सुलझेंगे मतभेद
दिनेश त्रिवेदी ने भारत-बांग्लादेश संबंधों में मौजूदा तनाव के बीच बातचीत और आपसी विश्वास को महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच कई मुद्दे हैं, जिन्हें सीधे संवाद के जरिए सुलझाया जा सकता है। भारत की ओर से तारिक रहमान के जल्द भारत आने की उम्मीद भी जताई गई है।
हालांकि, तारिक रहमान की भारत यात्रा की तारीख अभी पूरी तरह तय नहीं हुई है। दोनों देशों के बीच इस संबंध में बातचीत जारी है। रिपोर्टों के मुताबिक, संभावित दौरा अगस्त के तीसरे सप्ताह में हो सकता है, लेकिन अंतिम निर्णय अभी बाकी है।
रिश्तों में सुधार पर जोर
भारत और बांग्लादेश के बीच पिछले कुछ समय से कई मुद्दों को लेकर मतभेद रहे हैं। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत में मौजूदगी और उनके प्रत्यर्पण की मांग प्रमुख मुद्दों में शामिल है। ढाका की ओर से भी कहा गया है कि तारिक रहमान के भारत दौरे के लिए अनुकूल राजनीतिक माहौल जरूरी है।
ऐसे में तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा को दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों में नई शुरुआत के अवसर के तौर पर देखा जा रहा है। भारत का जोर बातचीत, विश्वास और द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर है।





