वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2028 में तीसरी बार राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने की अपनी चर्चाओं के बीच अब संवैधानिक सीमा को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि वह तीसरे कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ना चाहेंगे, लेकिन कानून इस राह में बड़ी बाधा है।
ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बहुत से लोग उनसे 2028 में फिर चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल में भी समर्थक ‘ट्रंप 2028’ के नारे लगा रहे थे। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि अमेरिकी कानून राष्ट्रपति के तीसरे कार्यकाल की अनुमति नहीं देता।
अमेरिकी संविधान का 22वां संशोधन किसी व्यक्ति को दो बार से अधिक राष्ट्रपति चुने जाने से रोकता है। ट्रंप 2016 में पहली बार राष्ट्रपति चुने गए थे और 2024 में गैर-लगातार दूसरा कार्यकाल हासिल किया। ऐसे में मौजूदा संवैधानिक व्यवस्था के तहत 2028 में उनका तीसरी बार चुनाव लड़ना संभव नहीं है।
पिछले कुछ महीनों में ट्रंप कई बार तीसरे कार्यकाल की संभावना को लेकर बयान दे चुके हैं। कभी उन्होंने इसे लेकर इच्छा जताई तो कभी संभावित कानूनी रास्तों और ‘लूपहोल’ की चर्चा की। उनके समर्थकों के बीच भी 2028 में ट्रंप को मैदान में उतारने की मांग उठती रही है।
हालांकि, ताजा बयान में ट्रंप का रुख पहले की तुलना में अधिक स्पष्ट नजर आया है। उन्होंने कानून को मजबूत बताते हुए संकेत दिया कि मौजूदा संवैधानिक प्रावधान के कारण तीसरे कार्यकाल की राह आसान नहीं है। इस बीच रिपब्लिकन पार्टी में 2028 के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के नाम चर्चा में हैं।
ट्रंप के बयान से 2028 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को लेकर जारी अटकलों को नया मोड़ मिला है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि ट्रंप अपनी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए किस संभावित उम्मीदवार का समर्थन करते हैं।





