रात के अंधेरे में रिहायशी इलाके तक पहुंचा शिकारी, घर के अंदर झांकता रहा; सीसीटीवी ने खोला पूरा राज
हल्द्वानी। जंगल की खामोशी से निकलकर रिहायशी इलाके की दहलीज तक पहुंचा तेंदुआ देर रात लोगों के लिए खौफ का सबब बन गया। चारधाम मंदिर के सामने फार्मग्रिल रेस्टोरेंट के पास नवनीत बिष्ट के मकान की खिड़की तक पहुंचे तेंदुए ने काफी देर वहीं बैठकर अंदर झांका। घर की खिड़की पर बैठे तेंदुए का पूरा मंजर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज सामने आने के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
तेंदुआ आखिर किस रास्ते से जंगल से रिहायशी इलाके तक पहुंचा, यह साफ नहीं हो सका है, लेकिन उसकी मौजूदगी ने वन विभाग और स्थानीय लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है। घरों के बेहद करीब तक तेंदुए के पहुंचने से लोगों को अब रात में बाहर निकलते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है।
जंगल से निकला या आबादी में बना डेरा?
तेंदुए की मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर वह रिहायशी इलाके तक किस रास्ते से पहुंचा और कितनी देर से आबादी के आसपास सक्रिय था? सीसीटीवी फुटेज में खिड़की तक पहुंचा तेंदुआ उसकी बेखौफ गतिविधि का संकेत दे रहा है। लोगों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
रात का सन्नाटा, गलियों में ‘खौफ’
तेंदुए की दस्तक के बाद इलाके में रात के समय आवाजाही को लेकर लोगों में डर है। बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर नहीं भेजने तथा सुनसान रास्तों से बचने की अपील की जा रही है। लोगों को सलाह दी गई है कि तेंदुआ दिखने पर उसके करीब जाने या उसे घेरने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।




