Top 5 This Week

Related Posts

चित्रशिला धाम के पास अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, विवादित चौपाटी सील

हल्द्वानी। रानीबाग स्थित पवित्र चित्रशिला धाम के समीप कथित अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विवादित चौपाटी को ध्वस्त कर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। लंबे समय से स्थानीय लोग धार्मिक स्थल के आसपास संचालित व्यावसायिक गतिविधियों का विरोध कर रहे थे और प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

स्थानीय लोगों का आरोप था कि चित्रशिला धाम और श्मशान घाट जाने वाले मार्ग के निकट खाद्य स्टॉल लगाकर चाउमीन, मोमोज सहित अन्य खाद्य पदार्थ बेचे जा रहे थे। उनका कहना था कि इस तरह की गतिविधियां धार्मिक आस्था और पवित्र स्थल की गरिमा के अनुरूप नहीं हैं।

मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद उन्होंने धार्मिक स्थलों के आसपास किसी भी प्रकार के अतिक्रमण और अनुचित गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम नैनीताल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और विवादित चौपाटी को हटाते हुए पूरे क्षेत्र को सील कर दिया।

प्रशासन का कहना है कि धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जबकि स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया।

Popular Articles