देहरादून। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे और दान राशि में कथित अनियमितता के मामले को लेकर चल रहे विवाद के बीच श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आरोपों पर पलटवार किया है। द्विवेदी ने कहा कि मंदिर समिति मामले को गंभीरता से ले रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसकी प्रतिष्ठा बनाए रखना समिति की प्राथमिकता है। बीकेटीसी अध्यक्ष ने आरोपों की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मामले में बीकेटीसी ने पहले ही जांच समिति गठित कर दी है। कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान एक कर्मचारी को निलंबित किया गया था। जांच टीम सीसीटीवी फुटेज, कर्मचारियों के बयान और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
वहीं, उत्तराखंड सरकार ने भी मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की है। आरोपों के सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई थी। कांग्रेस ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की थी।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।





