Top 5 This Week

Related Posts

चमोली टनल हादसा: ‘अचानक धमाका हुआ और पानी का तेज बहाव आया’, मौत के मुंह से लौटे मजदूरों ने सुनाया खौफनाक मंजर

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे ने मजदूरों को अंदर तक झकझोर दिया। गुरुवार शाम भूस्खलन के बाद अचानक टनल में पानी, पत्थर और मलबा घुस आया। देखते ही देखते 22 मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 19 लोगों को अब तक बाहर निकाला जा चुका है और तीन की तलाश जारी है।

‘पहले धमाका हुआ, फिर तेजी से घुसा पानी’

हादसे से बचे मजदूरों ने अस्पताल में उस भयावह पल को याद किया। घायलों के मुताबिक काम के दौरान अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके तुरंत बाद पानी का तेज बहाव टनल में दाखिल हुआ। कुछ मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे पानी में बहने लगे, जबकि कई मलबे की चपेट में आ गए।

पंजाब के तरनतारन निवासी 47 वर्षीय सबीर सिंह ने बताया कि अचानक टनल का हिस्सा टूट गया और पानी का तेज बहाव आया। चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। वहीं, छत्तीसगढ़ के सुनील दीवान ने बताया कि कुछ ही पलों में मजदूर पानी में डूबने लगे थे। कई घायल मजदूरों के पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

तीन मजदूरों की तलाश जारी

प्रशासन के मुताबिक हादसे के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की बात कही है।

हादसे के बाद सुरंग में फंसे और बाहर निकाले गए मजदूरों की आंखों में अब भी उस भयावह घटना का डर साफ दिखाई दे रहा है। बचाव दल तीन लापता मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान जारी रखे हुए हैं।

Popular Articles