हल्द्वानी। गौला पुल से नदी में छलांग लगाने वाले 17 वर्षीय किशोर प्रियांशु बिष्ट का शव सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। रविवार शाम हुई इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इस बीच घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें किशोर पुल से नदी में छलांग लगाता दिखाई दे रहा है। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मोतीनगर निवासी प्रियांशु बिष्ट रविवार शाम करीब पांच बजे घर से ड्राइंग का सामान खरीदने की बात कहकर निकला था। परिजनों के अनुसार घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उसने गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी। आखिर उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने नदी में उतरकर किशोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ ने देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया, मगर अंधेरा और नदी के गहरे पानी के कारण अभियान रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा सर्च अभियान शुरू किया। गोताखोरों ने ऑक्सीजन उपकरणों की मदद से नदी के गहरे हिस्से में तलाश की और कुछ ही देर में प्रियांशु का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। किशोर द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। परिजनों, परिचितों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही सामने आए वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।




