हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस को सौंपी तहरीर में सुरभि कॉलोनी, भगवानपुर जयसिंह निवासी सर्बजीत सिंह ने पुलिस बताया कि 14 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम दीपक बताते हुए खुद को क्रेडिट कार्ड कार्यालय का कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड ठीक करने के नाम पर बातचीत की।
आरोप है कि आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक पीडीएफ भेजकर उसे खोलने के लिए कहा। पीड़ित के अनुसार, पीडीएफ खोलते ही उसका मोबाइल हैक हो गया और साइबर ठगों ने उसके क्रेडिट कार्ड खाते से 1,22,000 रुपये निकाल लिए।
पीड़ित को ठगी की जानकारी 16 जुलाई को उस समय हुई, जब वह क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करने पहुंचा। खाते की जांच करने पर रकम निकलने का पता चला।
इसके बाद पीड़ित ने मुखानी थाने में तहरीर देकर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर धनराशि वापस दिलाने तथा आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





