नई दिल्ली। केरल लोकसेवा आयोग (PSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देशभर में छात्रों और युवाओं के अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन केरल में भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और बेरोजगार युवाओं के आंदोलन पर चुप्पी साधे हुए हैं।
केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि सैकड़ों युवा लोकसेवा आयोग की परीक्षा में अच्छे रैंक हासिल करने के बावजूद नौकरी से वंचित हैं। ये युवा पिछले कई महीनों से केरल सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई है।
चंद्रशेखर ने सवाल उठाया कि तमिलनाडु में राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे उठाते हैं, लेकिन पड़ोसी राज्य केरल में युवाओं की परेशानी उन्हें क्यों दिखाई नहीं देती? उन्होंने कांग्रेस पर युवाओं के मुद्दों पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
पंजाब PSC पर भी भाजपा ने उठाए सवाल
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने पंजाब लोकसेवा आयोग की परीक्षा में भी कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि एक परीक्षा केंद्र से करीब 25 प्रतिशत उम्मीदवार सफल हुए। इतना ही नहीं, कुछ ऐसे उम्मीदवारों के भी सफल होने का आरोप लगाया गया, जिन्होंने परीक्षा ही नहीं दी थी। उन्होंने चयन प्रक्रिया के निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए।
राष्ट्रपति से कार्रवाई की मांग
केरल PSC में कथित गड़बड़ियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में सांसद सी. सदानंदन और पीटी उषा भी शामिल थीं।
भाजपा नेताओं ने संविधान के अनुच्छेद 317 के तहत कार्रवाई करने और PSC के अध्यक्ष एवं सदस्यों के खिलाफ जांच कराने की मांग की। राज्यपाल की ओर से भेजी गई रिपोर्ट पर भी कार्रवाई का आग्रह किया गया।
भाजपा का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों से युवाओं का सरकारी संस्थाओं पर भरोसा कमजोर हुआ है। वहीं, इस मुद्दे को लेकर केरल की राजनीति में कांग्रेस, वाम दलों और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।





