Top 5 This Week

Related Posts

सोनिया गांधी की आत्मकथा पर पेंगुइन इंडिया का स्पष्टीकरण, कहा- प्रकाशन रुकने के पीछे कोई बाहरी दबाव नहीं

नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ के भारत में प्रकाशन को लेकर चल रहे विवाद के बीच पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। प्रकाशक ने कहा है कि किताब के प्रकाशन को लेकर कोई बाहरी दबाव नहीं था। दोनों पक्षों के बीच संपादकीय प्रक्रिया के दौरान एक खास मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी, जिसके बाद भारत में प्रकाशन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी।

पेंगुइन इंडिया की प्रवक्ता पल्लवी नारायण ने कहा कि प्रकाशन संस्था इस पुस्तक को प्रकाशित करने के लिए बेहद इच्छुक थी और यह उसके लिए महत्वपूर्ण अधिग्रहण था। उनके अनुसार, पांडुलिपि सामान्य संपादकीय प्रक्रिया से गुजरी। इस दौरान कई बिंदुओं पर लेखिका के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा हुई। कुछ सुझावों पर सहमति बनी, जबकि कुछ मामलों में प्रकाशक ने लेखिका का पक्ष स्वीकार किया।

हालांकि, अंत में एक विशेष मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद सोनिया गांधी की टीम ने प्रकाशन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया। पेंगुइन ने कहा कि वह लेखिका के इस निर्णय का सम्मान करता है।

प्रकाशक ने उस विशेष मुद्दे की जानकारी देने से इनकार किया है। पेंगुइन इंडिया का कहना है कि पुस्तक की सामग्री गोपनीय है और कंपनी अपने अनुबंध तथा लेखक की गोपनीयता की प्रतिबद्धता के कारण बातचीत के विवरण सार्वजनिक नहीं कर सकती।

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि पांडुलिपि की तथ्य-जांच, सवाल उठाना और संपादकीय सुझाव देना प्रकाशक की सामान्य जिम्मेदारी का हिस्सा है।

पुस्तक के भारत में प्रकाशन को लेकर कांग्रेस के कुछ नेताओं ने राजनीतिक दबाव की आशंका जताई थी। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया था कि पुस्तक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस और चीन से जुड़े कुछ हिस्सों को हटाने के लिए दबाव बनाया गया। हालांकि, पेंगुइन इंडिया ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रकाशन प्रक्रिया पर किसी बाहरी पक्ष का दबाव नहीं था।

अमेरिका स्थित अल्फ्रेड ए. नॉफ ने सोनिया गांधी की आत्मकथा को 10 नवंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित करने की घोषणा की है। हालांकि भारत में यह पुस्तक कब और किस प्रकाशक के माध्यम से उपलब्ध होगी, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

 

 

Popular Articles