Top 5 This Week

Related Posts

सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी पर देहरादून में बजरंग दल का हंगामा, एसएसपी कार्यालय में हनुमान चालीसा का पाठ; पुलिस के खिलाफ नारेबाजी

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद विवाद गहराता जा रहा है। गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने देहरादून स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

जानकारी के अनुसार, बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी को लेकर संगठन ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन को बदनाम करने की साजिश के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने सिद्धांत के साथ पुलिस हिरासत में मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया।

थाना प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग

प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पटेलनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को बर्खास्त करने की मांग उठाई। कार्यकर्ता एसएसपी से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराना चाहते थे। हालांकि, एसपी सिटी शेखर सुयाल ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन इस दौरान भी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद जारी रहा।

संगठन के प्रदर्शन में अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी समर्थन दिया। कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित पुलिस प्रताड़ना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

14 लाख की लूट में अब तक सात गिरफ्तार

गौरतलब है कि सात नवंबर को पटेलनगर क्षेत्र में प्लॉट के सौदे के लिए ले जाए जा रहे 14 लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कार को रोककर उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट की और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे।

इस मामले में पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें सिद्धांत बड़ोनी भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि सभी गिरफ्तारियां जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर की गई हैं।

एसपी सिटी शेखर सुयाल के अनुसार, पुलिस किसी संगठन को निशाना नहीं बना रही है। मामले में जिन लोगों की भूमिका सामने आई, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी को लेकर पुलिस और बजरंग दल के बीच बढ़ते टकराव से राजधानी में मामला राजनीतिक और सामाजिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गया है।

Popular Articles