रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग पर 25 मीटर गहरी खाई में गिरा टेंपो ट्रैवलर, एक की मौत
22 लोग थे सवार, 14 गंभीर घायलों को हायर सेंटर भेजा गया; चालक गिरफ्तार, एक यात्री वाहन में फंसा
हल्द्वानी। रामगढ़-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वाहन में चालक समेत 22 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में सीओ भवाली रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव दल ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया।
14 घायलों को हायर सेंटर भेजा
रेस्क्यू के दौरान 14 घायलों को बाहर निकालकर स्थानीय सीएचसी में प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर हालत को देखते हुए सभी को सुशीला तिवारी अस्पताल हायर सेंटर रेफर किया गया है। छह यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे में फरीदाबाद निवासी 24 वर्षीय सुमित पाल सिंह पुत्र कनक पाल सिंह की मौत हो गई।
वाहन में फंसे यात्री को निकालने में जुटी टीम
रेस्क्यू के दौरान एक व्यक्ति वाहन के भीतर फंसा मिला। उसकी हालत बेहद नाजुक बताई गई। बचाव दल गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से वाहन को काटकर उसे बाहर निकालने में जुटा रहा। खाई में मुश्किल हालात के बीच पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और ग्रामीणों की टीमें लगातार राहत कार्य में लगी रहीं।
हादसे के बाद फरार चालक गिरफ्तार
दुर्घटना के बाद टेंपो ट्रैवलर का चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
ये हुए घायल
मनीष कुमार (25), नंदिनी (22), तुषार कुमार (21), लक्ष्मी (27), मयंक (17), प्रदीप कुमार (26), रितिका (23), हर्ष वर्मा (26), पायल (22), आनंद (27), अजय (25), अंजलि (22), मिस्टी (10 माह) और यश कुमार (27) घायल हुए हैं।
छह यात्री सुरक्षित
धर्मेंद्र (24), डॉली (25), अंजलि (23), धीरज (25), अंकित (26) और सोनिया (23) को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।




