Top 5 This Week

Related Posts

लूट के मामले में फरार जिला बदर आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई स्कॉर्पियो बरामद

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली रामनगर पुलिस ने लूट के मामले में फरार चल रहे जिला बदर अभियुक्त को लूटी गई स्कॉर्पियो वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ गुंडा अधिनियम के उल्लंघन में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
9 जून को रामनगर निवासी शफीक हैदर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि चार युवकों ने उनकी स्कॉर्पियो कार, नकदी और चांदी की चेन लूट ली। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी तथा प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही।

इसी क्रम में चेकिंग के दौरान पुलिस ने हाथीडगर क्षेत्र से अभियुक्त योगेश सागर उर्फ मंकू को लूटी गई स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी को मार्च 2026 में जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा छह माह के लिए जिला बदर किया गया था, बावजूद इसके वह बिना अनुमति नैनीताल जनपद की सीमा में पाया गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध लूट के मामले के साथ-साथ धारा 3/10 गुंडा अधिनियम के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बीरेन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल प्रयाग कुमार और कविन्द्र सिंह शामिल रहे।

Popular Articles