रोहतक (हरियाणा)। हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात गैंगवार की सनसनीखेज वारदात सामने आई। दिल्ली रोड स्थित खरावड़ गांव के पास मिलन ढाबे पर हथियारबंद बदमाशों ने खाना खा रहे युवकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस हमले में चार युवकों की मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पांच हथियारबंद बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर ढाबे पर पहुंचे थे। उस समय कुछ युवक वहां खाना खा रहे थे। बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए।
हमले में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने भागकर जान बचाने की कोशिश की। आरोप है कि हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोलियां मार दीं। इसके बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
मृतकों की पहचान रिंकू, विनीत और गंजू निवासी गांव डिघल तथा हिमांशु निवासी बेरी के रूप में हुई है। सभी झज्जर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
गैंगवार से जोड़कर देख रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में इस वारदात को हिमांशु भाऊ और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच चल रही पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे कौन लोग शामिल थे और वारदात को किस मकसद से अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव राजपुरोहित सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीआईए, स्पेशल सेल और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आठ से नौ पुलिस टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।



